विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस-इतिहास के काले अध्याय ने किये भारत के दो टुकड़े-त्रासदी का एहसास कराने हेतु प्रदर्शनी का आयोजन   

22

औरैया 14 अगस्त 23-भारतीय इतिहास के काले अध्यायों में से एक अध्याय भारत विभाजन की त्रासदी है, जिसने भारत के दो टुकड़े कर हर भारतीय को गहरा आघात पहुंचाया, जिसने सदियों से कायम सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक एक सांस्कृतिक एकजुटता को पल भर में खण्डित कर दिया। भारत विभाजन की इस त्रासद स्मृति के बारे में भविष्य के नवजवान पीढ़ियों को बताने और उसके दुष्परिणाम को संज्ञानित करने के लिए शासन द्वारा भारत विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस का आयोजन देश के विभिन्न भागों में किया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद के तहसील औरैया सभागार में विभाजन की त्रासदी के दुष्परिणामों की स्मृतियों को भविष्य की पीढ़ियों, आमजनागरिकों को परिचित कराने हेतु एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें देश के विभाजन के परिणामस्वरूप नागरिकों ने किन-किन यातनाओं को सहा, इसका सम्पूर्ण चित्रण इसमें किया गया था, इस दौरान विभाजन के त्रासदी से गुजरे जनपद के वरिष्ठ नागरिकों ने विभाजन के दौरान जो दुख और पीड़ा हुई उनको अपनी शब्दों में अभिव्यक्त किया।
मुख्य वक्ता मा. सलिल विश्नोई, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा (उ.प्र.)/सभापति, आवास विकास जिला पंचायत एवं नगर निगम ने इस मौके पर विभाजन की त्रासदियों के दुष्परिणामों से उपस्थित भावी पीढ़ियों को अवगत कराया और कहा कि विभाजन विभीषण का क्यों हुआ हम सब कारण जानते हैं हमारा देश कभी सोने की चिड़िया था और पूर्ण रूप से धन-धान्य था भारत पूरे विश्व में अग्रणी के रूप में था। गुलामी ने हमें तोड़ने और नष्ट करने का काम किया है, उसी के परिणामस्वरूप हमारे देश का विभाजन हुआ।
इस अवसर पर मा. सांसद लोकसभा इटावा, डॉ राम शंकर कठेरिया ने कहा कि हमें इस चीज से सीख लेनी चाहिए कि आपसी फूट और वैमनुस्य सदैव विघटनकारी होती है और अब हमें उसी से सीख लेकर एकजुट रहना है। बीता हुआ समय हमें यह सीख देता है कि आने वाले समय में हम उन गलतियों को न करें, जो हमने पूर्व में किया है। हम सबको जाति, मजहब जैसे चीजों से परे रहकर हमेशा एकजुट हरना है, जिससे सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा। हमारा देश विविधताओं वाला देश है, लेकिन इसके बावजूद भी हम एक है, और इसका एहसास हमें सदैव रहना चाहिए, तभी इस महान राष्ट्र की अखण्डता बनाये रखेंगें। इसके पूर्व विभाजन विभीषिका यात्रा शहीद पार्क से प्रारंभ होकर सुभाष चौराहा होते हुए सदर तहसील सभागार में पहुंची जहां विभाजन विभीषिका से जुड़ी हुई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया। साथ ही इस अवसर पर दो मिनट का मौन रख इस त्रासद घटना पर शोक भी व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विस्थापित परिवारों के सदस्यों को माला पहनकर सम्मान दिया गया।
इस कार्यक्रम में  जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, जिलाधिकारी नेहा प्रकाश, पुलिस अधीक्षक चारु निगम, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्र, जिलाधिकारी (वि./रा.) महेंद्र पाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अखिलेश कुमार सिंह, जनपद के जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें